केंद्रीय खेल मंत्री और 2004 एथेंस ओलंपिक के रजत पदक विजेता निशानेबाज राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा है कि निशानेबाजी को राष्ट्रमंडल खेलों में फिर से बहाल करने के प्रयास गंभीरता के साथ जारी है। राठौर ने सोमवार को यहां भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के एक कार्यक्रम में कहा कि 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों में निशानेबाजी को बहाल कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि अप्रैल में आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में निशानेबाजी रहेगी लेकिन 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों से निशानेबाजी को हटा दिया गया है।

निशानेबाजी लंबे समय से राष्ट्रमंडल खेलों का हिस्सा है
निशानेबाजी को 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों से हटाए जाने और इसकी बहाली के प्रयासों को लेकर यूनीवार्ता के सवाल पर खेल मंत्री ने कहा, मंत्रालय ने राष्ट्रमंडल खेल महासंघ को इस मामले पर एक चिट्ठी लिखी है कि निशानेबाजी को इन खेलों में बहाल किया जाए। निशानेबाजी लंबे समय से राष्ट्रमंडल खेलों का हिस्सा है और इसे इन खेलों में बनाए रखा जाना चाहिए। इस अवसर पर मौजूद आईओए के महासचिव राजीव मेहता ने भी कहा, आईओए की तरफ से भी निशानेबाजी को बहाल कराने के प्रयास जारी हैं। राष्ट्रमंडल खेल महासंघ के साथ अगली बैठक में हम इस मुद्दे को उठाएंगे और हम उम्मीद करते हैं कि इस बैठक के अच्छे परिणाम सामने आएंगे।

खेलों के माहौल में बड़ा बदलाव आया है
खेल मंत्री देश में खेलों को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा, मंत्रालय, आईओए, साई और अन्य सभी अंशधारकों को देश में खेलों का सही माहौल बनाने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ काम करना होगा। देश में खेलों के माहौल में बड़ा बदलाव आया है और जागरूकता भी बढ़ी है। कारपोरेट खेल जगत से जुड़ रहा है और आज खेल मनोरंजन नहीं बल्कि ताकतवर संदेश का माध्यम बन गया है। राठौर ने कहा, इन बदलावों के चलते खेल मंत्रालय ने कई कदम उठाए हैं और खेलों के आधार में निवेश भी बढ़ गया है। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि खेल मंत्रालय एक दोस्ताना माहौल में आप सभी का स्वागत करता है।

हम साफ सुथरे तरीके से जीतेंगे
हम खेलों को प्रोफेशनल तरीके से संचालित करेंगे जिसका उदाहरण है हाल में आयोजित हुए खेलो इंडिया स्कूल गेम्स। उन्होंने साथ ही राष्ट्रीय खेल विकास कोष (एनएसडीएफ) का जिक्र करते हुए कहा, इस कोष से हम ओलंपिक, एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों के लिए खिलाड़ियों को सहयोग करते हैं। मेरा पूरा प्रयास रहेगा कि इस कोष को ज्यादा से ज्यादा प्रचलित करूं और इसमें ज्यादा धन जोंड़ें ताकि हम खिलाड़ियों की पूरी मदद कर सकें। खेल मंत्री ने राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने जा रहे भारतीय खिलाड़ियों को अपने संदेश में कहा, आप इस बात पर ध्यान दें कि हम जीतेंगे और साफ सुथरे तरीके से जीतेंगे। हम जीतने के लिए कोई समझौता नहीं करेंगे।