नई दिल्ली। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज सुरेश रैना शुक्रवार को मेरठ की रहने वाली प्रियंका चौधरी के साथ शादी के बंधन में बंध गए। सुरेश रैना की शादी का कार्यक्रम राजधानी दिल्ली के होटल लीला पैलेस में चल रहा है। 2015 की हाईप्रोफाइल शादी में टीम इंडिया के कई दिग्गज और चेन्नई सुपर किंग के खिलाड़ी शामिल हुए।
सुरेश रैना की शादी में टीम इंडिया के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी अपनी पत्नी साक्षी के साथ पहुंचे। होटल लीला पैलेस में चल रहे शादी समारोह में विराट कोहली और उनकी गर्लफ्रेंड अनुष्का शर्मा, वीरेन्द्र सहवाग, तेज गेंदबाज मोहित शर्मा, उमेश यादव, न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग और बीसीसीआई के प्रमुख श्रीनिवासन और कई अधिकारी भी शरीक हुए। राजनीतिक हस्तियों में उत्तर प्रदेश के सीएम अखिलेश यादव भी दिखाई दिए, तो कांग्रेस के बड़े युवा नेता ज्योतिराव सिंधिया भी शादी में शरीक हुए। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शादी के मौके पर सुरेश रैना को शुभकामनाएं भेजी हैं।
टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी रैना जहां दुल्हे के ड्रेस में फब रहे थे वहीं रैना की दुल्हनिया प्रियंका शादी के लाल जोड़े में बेहद खूबसूरत दिख रही थीं। शादी में रैना और प्रियंका के रिश्तेदार के अलावा बेहद करीबी लोग ही नजर आए। गुरूवार को मेरठ के होटल ब्रावुरा में गुपचुप तरीके से रैना की दुल्हनिया प्रियंका की मेहंदी रस्म हुई। मेंहदी की रस्म में रिश्तेदार और बेहद करीबी लोग ही शामिल हुए, समारोह से मीडिया को रखा दूर गया था।
आपको बता दें की रैना के पिता सेना में रह चुके हैं और प्रियंका के पिता भी सेना से रिटायर्ड हैं। रैना और प्रियंका के पिता तब से गहरे दोस्त तो हैं ही साथ ही रैना और प्रियंका की मां भी अच्छी सहेलियां हैं। बस दो परिवारों की यही करीबी ही रिश्ते में तब्दील हो गई। रैना की सपनों की शहजादी प्रियंका को रैना की मां ने उनके लिए चुना है। सुरेश रैना की होने वाली दुल्हनियां प्रियंका नीदरलैंड्स के एक बैंक में काम करती हैं और फिलहाल प्रियंका भारत में ही हैं।