नई दिल्ली। टीम इंडिया के वाइस कैप्टन विराट कोहली ने बॉलीवुड एक्ट्रेस और अपनी गर्लफ्रेंड अनुष्का शर्मा की जमकर तारीफ की है। कोहली ने हाल ही में रीलीज हुई अनुष्का की मूवी एनएच-10 की जमकर तारीफ की। साथ ही विराट ने दुनियाभर को बता दिया कि उन्हें अपने प्यार पर बेहद गर्व है। कोहली ने ट्वीट कर कहा, “मैंने अभी एनएच-10 देखी है। क्या बेहतरीन फिल्म है और खासतौर पर मेरे प्यार अनुष्का शर्मा की परफर्मेंस आउटस्टेंडिंग है। मुझे गर्व है।”
कोहली और अनुष्का की लव स्टोरी की खबरें हमेशा से ही सुर्खियों में रहती हैं, लेकिन ऎसा पहली बार हुआ है जब कोहली ने सार्वजनिक रूप से अपने और अनुष्का के रिलेशन के बारे में बोला है। कोहली ने अपने प्यार का ख्रुल्लम-खुल्ला इजहार करते हुए ट्वीट किया। इस ट्वीट के साथ कोहली ने अपने और अनुष्का के रिलेशन पर भी मुहर लगा दी है। बताया जा रहा है कि क्वार्टर फाइनल मुकाबले से पहले कोहली ने हाल ही में रीलीज हुई अनुष्का की फिल्म को फुरसत के समय में देखा और अपनी गर्लफ्रेंड की जमकर तारीफ की।
गौरतलब है कि टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है और टीम बांग्लादेश के खिलाफ 19 मार्च को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में खेलेगी।