भारत और पाकिस्तान के बीच बुधवार यानि आज खेले जाने वाले मैच से पहले पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने कहा कि अनुभव को देखते हुए महेन्द्र सिंह धोनी को चौथे स्थान पर बल्लेबाजी करनी चाहिए।

बाएं हाथ् के इस पूर्व तेज गेंदबाज ने माना कि इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम टेस्ट में शतक लगाने से केएल राहुल का इस टूर्नामेंट में हौसला बढ़ेगा। जहीर ने एक बयान में कहा, ‘‘विश्व कप को ध्यान में रखते हुए मुझे लगता है कि चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए धोनी जैसे खिलाड़ी को आना चाहिए। यह काफी अहम स्थान है जहां परिस्थितिओं के मुताबिक दबाव झेलना होता है।’’

भारत के लिए 92 टेस्ट और 200 एकदिवसीय मैच खेल चुके इस गेंदबाज ने कहा, ‘‘अब तक भारतीय टीम उन मैचों को जीतते आयी है जिसमें उसे अच्छी शुरूआत मिलती है। ऐसे परिस्थितियों में जहां टीम को अच्छी शुरूआत नहीं मिलती है वह अनुभव की जरूरत होती है।’’