अधिक ऑनलाइन रहने पर लगता है सास से डर

0

नई दिल्ली। भारतीय महिलाएं अधिक समय तक ऑनलाइन नहीं रह पातीं क्योंकि उन्हें सास का डर लगा रहता है। यह बात गूगल द्वारा किए गए एक सर्वे में सामने आई है। सर्वे के अनुसार देश की आबादी की एक तिहाई महिलाएं ही इंटरनेट का उपयोग करती हैं। 49 प्रतिशत महिलाओं ने बताया कि उन्हें इंटरनेट का उपयोग करने की जरूरत ही नहीं है।

भारत में महिलाओं में इंटरनेट की उपयोगिता के प्रति जागरूकता का स्तर निम्न है। गूगल इंडिया के मार्केटिंग प्रमुख संदीप मेनन ने बताया कि उन्होंने आठ साल से पचपन साल की 828 भारतीय महिलाओं का सर्वे किया। सर्वे में इंटरनेट कनेक्शन, इंटरनेट को वहन करने तथा उपयोग के समय को लेकर सवाल किए गए थे।

घर के काम से समय नहीं मिलता

कई महिलाओं ने कहा कि उन्हें घर का काम करने के बाद बहुत कम समय मिल पाता है जिसमें वे मनपसंद काम कर सकें। कुछ महिलाओं ने कहा कि अधिक समय ऑनलाइन बिताने पर सास का डर लगता है। रिपोर्ट के अनुसार स्मार्टफोन और इंटरनेट कैफे महिलाओं के लिए इंटरनेट उपलब्‍ध कराने का सस्ता और निजी साधन है। सर्वे में महिलाओं का कहना है कि यदि उन्हें निजता मिले तो वे इंटरनेट का और अधिक उपयोग कर सकती हैं।

सर्वे में इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की आय और विशेष आबादी संबंधी अंतर भी सामने आए। अधिक आय प्राप्त करने वाली महिलाएं ज्यादा ऑनलाइन रहती हैं। इनमें ज्यादातर युवा और अविवाहित हैं। वहीं अधिक उम्र की महिलाएं, विवाहिता और मांएं भी इंटरनेट का उपयोग नहीं करतीं। युवा महिलाओं ने ऑनलाइन बने रहने में दिलचस्पी दिखाई। वहीं 18 साल से 20 साल की 32 प्रतिशत महिलाएं जो इंटरनेट का उपयोग नहीं कर रही हैं वे जल्द ही इसका उपयोग करना चाहती हैं।

गूगल चाहता है कि महिलाओं में इंटरनेट के उपयोग के प्रति जागरूकता तेजी से फैले। मेनन के अनुसार देश में बड़ी संख्या में शिक्षित महिलाएं हैं जो इंटरनेट की उपलब्‍धता होने के बाद भी उसका उपयोग नहीं करती हैं। हमने उनके बच्चों से अपील की है कि वे अपनी मम्मियों को इंटरनेट सिखाएं।