मोबाइल कंपनियों के बीच एक बार फिर से छिड़ी प्राइस वार ने ग्राहकों के वारे न्यारे कर दिये हैं। रिलायंस जियो के प्राइम मेम्बरशिप के तहत 303 रुपये के ऑफर के बाद मोबाइल बाजार में प्री पेड ग्राहकों के लिए ऑफरों की बहार आ गई है। जियो के जवाब में बाजार में मौजूद तमाम कंपनियों ने इसी तरह के ऑफर ग्राहकों को देने की पेशकश की है।
जियो ने पहली मार्च से 31 मार्च 2017 तक ग्राहकों को जियो प्राइम मेम्बरशिप का ऑफर दिया है जिसमें पंजीकरण के बाद उन्हें 303 रुपये में असीमित डाटा उपयोग का अवसर दिया जा रहा है। इस ऑफर में ग्राहक 28 दिन तक प्रत्येक दिन एक जीबी डाटा का इस्तेमाल 4जी की डाउनलोड स्पीड पर कर सकते हैं। एक जीबी की सीमा समाप्त होने के बाद केवल डाउनलोड स्पीड 128 केबीपीएस होगी। इसके अलावा वॉयस काल की सुविधा असीमित रहेगी।
जबकि एयरटेल ने भी अपने प्री पेड ग्राहकों के लिए 28 दिन की अवधि का पैकेज 345 रुपये में दिया है। इस पैकेज में मुफ्त लोकल और एसटीडी वॉयस काल तो असीमित हैं लेकिन डाटा के इस्तेमाल को कंपनी ने दो भागों में बांट दिया है। जियो की भांति एयरटेल भी रोजाना एक जीबी डाटा का ऑफर दे रहा है। लेकिन आधा जीबी दिन में और आधा जीबी रात तीन बजे से सुबह पांच बजे तक के लिए है।
इसी तरह के वोडाफोन के 352 रुपये के पैकेज में वॉयस काल में एफयूपी के तहत 300 मिनट प्रति दिन और 1200 मिनट प्रति सप्ताह वॉयस कॉल की सुविधा है। जबकि डाटा के लिए 28 दिन में एक जीबी प्रतिदिन के हिसाब से 28 जीबी डाटा का प्रस्ताव है। इसके विपरीत आइडिया के 348 रुपये के ऑफर में आधा जीबी प्रतिदिन के हिसाब से 14 जीबी का डाटा मिल रहा है।
हालांकि जियो के पैकेज में पांच जीबी अतिरिक्त डाउनलोड डाटा की भी सुविधा है। लेकिन यह ऑफर तभी लागू होगा जब ग्राहक 303 रुपये में 31 मार्च 2017 से पहले रिचार्ज करा लें।