Samsung Galaxy Fold जल्द ही भारत में लॉन्च हो सकता है। टेक जगत के मुताबिक, सैमसंग ने अपने गैलेक्सी फोल्ड को इंडिया में लॉन्च करने की योजना बनानी शुरू कर दी है। कंपनी ने इस स्मार्टफोन को कंपनी ने सैन फ्रांसिस्को में लॉन्च किया था। एक जानकारी के मुताबिक, सैमसंग भारत में अगले दो महीने यानी अप्रैल या मई में इस फोन को लॉन्च करेगा।
बताते चलें कि Samsung Galaxy Fold को जब बंद किया जाता है तो यह एक छोटे पेंसिल बॉक्स की तरह दिखता है। फोल्ड होने के बाद फोन में 4.6 इंच की एचडी + सुपर AMOLED डिस्प्ले दिखाई देगा। वहीं, जब फोल्ड को खोलते हैं तो फिर इसकी स्क्रीन बढ़कर 7.3 इंच की हो जाती है। इस फोन में कंपनी एप कंटीन्यूटी नामक सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर रही है। हालांकि अभी इस बात की जानकारी नहीं है कि सैन फ्रांसिस्को में लॉन्च किए गए सैमसंग के इस फोन के स्पेसिफिकेशन भारत में भी वहीं होंगे या उनमें कुछ बदलाव किया जाएगा।
सैन फ्रांसिस्को में लॉन्च किए फोन में यूजर्स को कुछ टैबलेट जैसे फंक्शंस भी मिलेंगे। इसमें दोनों ओर एकेजी सपोर्ट दिया गया है जिससे साउंड एक्सपीरियंस बेहतर बनता है। Samsung Galaxy Fold 7 एनएम प्रोसेसर और 12 जीबी रैम के साथ आता है। इस फोन में छह कैमरे दिए गए हैं जिसमें दो अंदर की ओर हैं।
Samsung के इस फोल्ड होने वाले फोन में 7 एनएम 64 बिट ऑक्टा कोर प्रोसेसर है। फोन में 4380 एमएएच बैटरी है। एंड्रॉयड वर्जन की बात करें तो यह एंड्रॉयड 9 पाइ पर काम करेगा।
कैमरे की बात करें तो इसमें 10 मेगापिक्सल सेल्फी कैमरा कवर पर मिलेगा। वहीं, ट्रिपल कैमरा सेटअप 16 मेगापिक्सल, 12 मेगापिक्सल और 12 मेगापिक्सल का दिया गया है। वहीं, 10 मेगापिक्सल और आठ मेगापिक्सल के दो फ्रंट कैमरे दिए गए हैं। यह फोन एलटीई और 5जी वेरिएंट में लॉन्च हुआ है। इस फोन की कीमत 1980 डॉलर (तकरीबन 1 लाख 40 हजार रुपये) है। इसकी बिक्री कुछ सेलेक्टेड मार्केट में 26 अप्रैल से शुरू होगी।