यदि आपको संगीत की बेहतर समझ है और संगीतकार बनने के लिए महंगे सॉफ्टवेयर या उपकरण नहीं खरीद पा रहे हैं तो मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। मोबाइल एप की सहायता से बगैर जेब हल्की किए संगीत के क्षेत्र में बेहतर अभ्यास किया जा सकता है। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ खास एप के बारे में।

एप से कंपोज करें म्यूजिक
Music Maker JAM एप की मदद से यूजर दो सौ से अधिक तरह का संगीत अपने मोबाइल पर ही तैयार कर सकते हैं। यह एप हिपहॉप, मेलोडी, पॉप, रॉक, फंक व ड्रम सहित अन्य तरह के संगीत को मिक्स करने की भी सुविधा देता है। इसके अलावा इस एप की मदद से यूजर लाइव म्यूजिक को भी रिकॉर्ड कर उसमें मिक्सिंग कर सकता हैं। गूगल प्लेस्टोर पर इस एप को 4.4 रेटिंग दी है। अब तक इस एप को दस करोड़ से अधिक लोग अपने मोबाइल फोन पर इस्तेमाल कर चुके हैं।

वेबसाइट पर कंपोज करें खुद का संगीत
मोबाइल एप के अलावा भी ऐसी कुछ वेबसाइटें हैं जिनके जरिए आप खुद का संगीत कंपोज कर सकते हैं। musescore.com वेबसाइट यूजर को म्यूजिक कंपोज करने के लिए टूल्स उपलब्ध कराती है। वेबसाइट में अन्य म्यूजिक कंपोजर के तैयार संगीत की कॉपी भी नए कंपोजर के लिए मौजूद रहती है। यूजर चाहें तो अपनी कंपोजिशन को सीधे वेबसाइट से दोस्तों के साथ साझा कर सकते हैं। उनकी प्रतिक्रियाओं से आपको और अधिक बेहतर प्रयास करने में मदद मिलेगी।

रॉक म्यूजिक के लिए खास
मौजूदा समय में रॉक म्यूजिक युवाओं द्वारा काफी पसंद किया जाता है। CXustic 3 एप उन लोगों के लिए खास है जो रॉक म्यूजिक को तैयार करना पसंद करते हैं। एप में बेस साउंड, बीट बॉक्स और मॉड्यूलर सहित कई फीचर दिए गए हैं, जो रॉक म्यूजिक तैयार करने में मददगार साबित होंगे। इस एप में रिकॉर्ड ऑप्शन भी दिया गया है, जिस पर यूजर किसी भी गाने का रीमेक आसानी से तैयार कर सकते हैं। एप में एक गाइड ऑप्शन भी शामिल किया गया है, जो यूजर को एप में मौजूद संगीत के उपकरणों को चलाने का प्रशिक्षण भी देता है। इस एप को दस लाख से अधिक यूजर इंस्टॉल कर चुके हैं।

फोन को बनाएं पियानो
walkband  एप मोबाइल फोन को पियानो की शक्ल देता है। इस एप की मदद से यूजर को ड्रम, पियानो और मिक्सिंग जैसी सुविधाएं मिलती है। खास बात यह है कि एप के फीचर में कुछ ऐसे भी विकल्प दिए गए हैं जिनकी मदद से स्क्रीन को 88 बटन वाले पियानो के रूप में बदला जा सकता है। यूजर मोबाइल की डिस्प्ले पर उंगलियों की सहायता से पियानो के साउंड को कंपोज कर सकते हैं।