क्रेडिट रेटिंग एजेंसी मूडीज की तरफ से भारत की रैंक‍िंग में सुधार को मोदी सरकार ने अपने सुधारों का नतीजा बताया है. वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि पिछले तीन साल के दौरान सरकार की तरफ से किए गए सुधारों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है. इससे जाहिर तौर पर हमें प्रोत्साहन मिला है. उन्होंने कहा कि हम अभी तक आर्थिक विकास के जिस रास्ते पर चल रहे थे, आगे भी उस पर चलते रहेंगे.

तीन सालों की मेहनत का असर
अरुण जेटली ने कहा कि ये बहुत ही ज्यादा प्रोत्साहित करने वाला है कि भारत सरकार की तरफ से उठाए गए कदम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है. उन्होंने कहा कि पिछले तीन साल के दौरान भारत सबसे तेजी से विकास करने वाले देश के तौर पर उभरा है. इस दौरान भारत उन कुछ देशों में शामिल हुआ है, जिन्होंने बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया है.